उत्तराखंड

चमोली: माणा में युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान, अब तक 47 मजदूर किये गए रेस्क्यू, सीएम ने हवाई सर्वेक्षण कर लिया स्थिति का जायजा।

चमोली:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली जिले में माणा के पास हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षित बाहर निकाले गए श्रमिकों का कुशलक्षेम भी जाना।

मुख्यमंत्री ने बचाव कार्य में जुटे सैन्य अधिकारियों एवं प्रशासनिक टीमों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावितों की हरसंभव सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन, सेना और SDRF की टीमें लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार द्वारा भी बचाव कार्यों में पूरा सहयोग मिल रहा है। हमारी डबल इंजन सरकार हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है।

सीएम धामी ने बताया कि चमोली-बद्रीनाथ हाईवे पर बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के कुल 57 लोग काम कर रहे थे, जिसमें से 2 लोग छुट्टी पर थे। घटना के समय सभी मजदूर कंटेनर हाउस में थे। उसी दौरान बर्फ का बड़ा हिस्सा पहाड़ से नीचे आया और मजदूर दब गए।

अब तक 47 मजदूरों को बचाया गया, 8 की तलाश जारी

चमोली में बर्फीले तूफान में युद्धस्तर पर ऑपरेशन जारी है। सेना, आईटीबीपी, बीआरओ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन की टीमें पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं। अब तक 47 मजदूरों को निकाल लिया गया है। बता दें कि शुक्रवार को चमोली के माणा गांव में सुबह 7:15 बजे एवलांच आया था। जिसकी चपेट में 55 मजदूर आ गए। कल रात 8 बजे तक 33 मजदूरों का रेस्क्यू कर लिया गया था। वहीं 14 मजदूरों को आज शनिवार सुबह निकाला गया, जबकि 8 की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button